समस्तीपुर में रजिस्ट्री कामकाज ठप, ओ-ग्रोस सिस्टम फेल होने से 80 लाख रोज़ाना घाटा।
समस्तीपुर : जिले के सभी प्रमुख रजिस्ट्री कार्यालयों में पिछले चार दिनों से कामकाज ठप है। वित्त विभाग का ओ-ग्रोस पोर्टल बंद होने के कारण न तो चालान जमा हो पा रहे हैं और न ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो रही है। यह पोर्टल भारतीय रिजर्व बैंक के नियंत्रण में संचालित होता है। तकनीकी खामी के चलते चालान प्रक्रिया रुक गई है, जिससे रजिस्ट्री कार्य पूरी तरह बाधित हो गया है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

समस्तीपुर में रजिस्ट्री कार्य ठप, चार दिन से लोग परेशान।
चारों कार्यालयों में सन्नाटा।
समस्तीपुर, किशनपुर, रोसड़ा और दलसिंहसराय स्थित सभी प्रमुख रजिस्ट्री कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह से बाधित है। सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन करीब 250 रजिस्ट्री होती थी, वहीं अब केवल 20–25 मामलों का ही निबंधन हो पा रहा है। ये वही मामले हैं, जिनके चालान पहले से जमा कर तिथि तय कर दी गई थी।कार्यालयों में सन्नाटा पसरा हुआ है और केवल वही लोग काउंटर तक पहुंच पा रहे हैं जिनका कार्य पहले से लंबित है। बाकी रैयत दूर-दराज से आकर निराश होकर लौट रहे हैं।
भारी राजस्व नुकसान।
राजस्व के लिहाज से स्थिति और भी गंभीर है। सामान्य दिनों में जिले से प्रतिदिन 80 से 90 लाख रुपये की आमदनी सरकार को होती थी। लेकिन पिछले चार दिनों से कामकाज ठप रहने के कारण सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बैकअप सिस्टम की कमी पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस प्रणाली पर करोड़ों रुपये का राजस्व निर्भर करता हो, उसे मजबूत बैकअप व्यवस्था के साथ चलाया जाना चाहिए। फिलहाल वित्त विभाग और भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से इस समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस समयसीमा तय नहीं की गई है।
ऐसे में न सिर्फ आम जनता, बल्कि रजिस्ट्री कार्यालयों के कर्मचारी भी असमंजस की स्थिति में हैं।
